नरसिहंपुर। कलेक्टर ऋजु बाफना ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक ली। उन्होंने समय सीमा के कार्यों की विस्तार से समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में बगैर अनुमति के अनुपस्थित रहे अधिकारियों का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश कलेक्टर ने दिये।
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की पात्र महिलाओं के खाते में एक हजार रुपये की राशि जमा हुई है या नहीं इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश एलडीएम को दिये। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं के बैंक खातों में राशि का अंतरण सफल नहीं हुआ है, उनके खाते पोस्ट ऑफिस में खुलवाये जायें। बाफना ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी इनेबल्ड नहीं हुआ है, उसे पूर्ण करायें।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री सीखो- कमाओ योजना की अब तक जिले में जनरेट हुई वैकेंसी की विभागवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिये कि योजना के तहत जिले में संचालित औद्योगिक इकाईयों, सेवा संस्थानों, ट्रेवल एजेंसी, पेट्रोल पम्प, होटल संचालकों तथा विभिन्न निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार मुख्यमंत्री सीखो- कमाओ पोर्टल में अपना पंजीयन अनिवार्य रूप से करवा लें। विभागीय अधिकारी संबंधित प्रतिष्ठान में सम्पर्क कर पंजीयन कराने पर फोकस करें। बाफना ने लक्ष्य के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठान में निर्धारित कोर्सों में पंजीयन कराकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिये।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की समीक्षा के दौरान बाफना ने 12 जून की स्थिति में विभागवार रैंकिंग की जानकारी ली और इसकी प्रतिदिन मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जावे।
कलेक्टर ने निर्देश दिये कि संबंधित अधिकारी मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान 2.0 के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आरबीसी 6- 4 के अंतर्गत राहत के प्रकरण लंबित नहीं रहें। चना, मसूर एवं गेहूं उपार्जन में संबंधित शतप्रतिशत किसानों का भुगतान सुनिश्चित किया जाये। उपार्जन के भुगतान की लगातार मॉनीटरिंग हो। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि समर्थन मूल्य पर मूंग/ उड़द उपार्जन के लिए खरीदी केन्द्रों पर सभी तैयारियां निर्धारित मापदंडों के अनुसार अच्छी रहना चाहिये। इस बात का विशेष ध्यान रखा जावे कि उपार्जित स्कंध केन्द्रों के बाहर व बारिश में नहीं भींगे। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले में बिना केसिंग के खुले बोरवेल, कुएं एवं बावड़ी पाये जाने पर धारा 188 के तहत सख्ती से कार्रवाई की जाये।
प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण के अंतर्गत साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा में यह पाया गया कि नरसिंहपुर जनपद पंचायत में मात्र 28 आवास पूर्ण हुये हैं। यह लक्ष्य सभी जनपदों की तुलना में सबसे कम है। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नरसिंहपुर जनपद में 416 आवासों के लिए दूसरी किस्त जारी नहीं होने पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत नरसिंहपुर पुरूषोत्तम राजौरिया को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में सड़क दुर्घटना की आशंका वाले क्षेत्रों में किये जाने वाले सुधार के कार्यों की प्रगति की जानकारी नियमित रूप से प्रस्तुत करें। लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत समग्र मैपिंग, वित्तीय वर्ष 2023- 24 में दिये गये मासिक लक्ष्य के विरूद्ध उपलब्धि एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में लक्ष्य के विरूद्ध उपलब्धि का प्रतिशत असंतोषजनक पाये जाने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, समस्त सीडीपीओ का वेतन रोकने और संबंधित पर्यवेक्षकों का 5- 5 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये।
निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा के दौरान आगामी विधानसभा निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप में विभागीय कर्मचारियों की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी जिला अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि अधीनस्थ सभी कर्मचारियों के वोटर आईडी बन जायें। स्वीप एक्टीविटी के तहत स्कूलों व कॉलेजों में मतदान संबंधी जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किये जायें। नये मतदाताओं के नाम जोड़ने, अन्यत्र चले गये और मृत मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाये जायें।
बैठक में आगामी समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के चयनित विषयों, समग्र आईडी बनाने, टीएल पत्रों, मुख्यमंत्री कन्या विवाह/ निकाह योजना के सामूहिक विवाह सम्मेलन, संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह राशि, जन जागृति पुस्तकालय, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना आदि की कलेक्टर ने समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।