रामपुरा। मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने को लेकर सोमवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनासा एसडीओपी निकिता सिंह ने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए। बैठक में सर्वप्रथम मोहर्रम जुलूस किन-किन मार्गों से निकाला जाएगा, इस पर विस्तार से चर्चा की गई।
नगर की समस्याएं उठीं बैठक में-
बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाज प्रमुखों ने नगर की विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। इसमें मुख्य रूप से पेयजल आपूर्ति में गंदा पानी आने, सड़क की खराब स्थिति, नल-जल योजना के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होने तथा जगह-जगह गड्ढों की समस्या शामिल रही। साथ ही नगर में आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या, गंदगी एवं अतिक्रमण की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की गई। समाज प्रमुखों ने बताया कि जुलूस मार्गों पर भी अतिक्रमण होने से परेशानी उत्पन्न हो सकती है।
अधिकारियों को दिए गए निर्देश-
एसडीओपी निकिता सिंह ने नल-जल योजना के अंतर्गत खोदे गए गड्ढों को शीघ्र भरने, पेयजल व्यवस्था में सुधार, आवारा मवेशियों की समस्या के समाधान तथा विद्युत विभाग से संबंधित मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर परिषद इंजीनियर स्वप्निल भूरिया को भी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
आगामी बैठक का निर्णय-
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि नगर की समग्र व्यवस्थाओं एवं समस्याओं के समाधान को लेकर आगामी दिनों में पुनः विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी।
अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति-
बैठक में रामपुरा तहसीलदार मृगेंद्र सिसोदिया, थाना प्रभारी विपिन मसीह, नगर परिषद इंजीनियर स्वप्निल भूरिया, राजस्व विभाग के अनिल डबकरा, विद्युत विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।