मंदसौर। आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक कलेक्टर अदिति गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए किसानों के हित में विभिन्न महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान कलेक्टर गर्ग ने सभी विकासखंडों में किसान मेले आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान मेलों के माध्यम से किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, शासकीय योजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी प्रदान की जाए, जिससे अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य के भीतर एवं राज्य के बाहर जिन किसानों को पूर्व में भ्रमण कराया जा चुका है, उन्हें पुनः भ्रमण कार्यक्रम में शामिल न किया जाए। इसके स्थान पर नए किसानों, युवा किसानों एवं महिला किसानों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि वे आधुनिक कृषि पद्धतियों एवं नवीन फसलों की जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि इससे कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।
कलेक्टर गर्ग ने मत्स्य पालन एवं पशुपालन से जुड़े किसानों को भी प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रमों से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर उनके सुझाव एवं समस्याओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की गई।