चित्तौड़गढ़। राजस्थान धरोहर प्राधिकरण बोर्ड के अध्यक्ष राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत और जिला कलेक्टर अरविन्द कुमार पोसवाल ने सोमवार को अमरपुरा में आयोजित महंगाई राहत कैंप और प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर का अवलोकन किया और लाभार्थियों को मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड व पट्टे वितरित किए। राज्यमंत्री एवं जिला कलेक्टर ने अधिकारियों से व्यवस्थाओ की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए पूरे प्रदेश में जनहित के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को महंगाई से राहत प्रदान करने हेतु महंगाई राहत शिविर राज्य सरकार का एक सकारात्मक प्रयोग है, जो देश में पहली बार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया है। उन्होंने कहा कि बचत, राहत, बढत एवं सुशासन को साकार करते हुए राज्य सरकार द्वारा यह कदम उठाया गया है, जो आमजन के लिए मददगार सिद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति इन दस योजनाओं का लाभ लेने हेतु किसी भी महंगाई राहत कैम्प में रजिस्ट्रेशन करवा सकता है।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर अरविन्द कुमार पोसवाल ने कहा कि राज्य सरकार की और से 5 जून को उज्ज्वला योजना के लाभार्थीयो को उनके बैंक खातों में सीधे सब्सिडी हस्तांतरण कर राहत प्रदान की गई थी। अब राज्य सरकार लंपी रोग से जिन किसानों के दुधारू पशुओं की मृत्यु हुई उनको 16 जून को लाभान्वित करेगी। इसके तहत चित्तौड़गढ़ जिले के 635 परिवारों में प्रत्येक को सीधे 40 हजार रुपए की राशि हस्तांतरित की जाएगी। कार्यक्रम में एसडीएम रामचंद्र खटीक, विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा, तहसीलदार विपिन चौधरी, सरपंच देवकन्या धाकड़ सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।