नीमच। अरब सागर में उठे चक्रवात बिपरजॉय की वजह से प्रदेश का मौसम भी बदल गया है। इस चक्रवात ने नमी समेट ली है। इस कारण ज्यादातर शहरों में आसमान साफ है, जिससे सूरज की किरणें सीधे धरती पर पड़ रही हैं। प्रदेश के कई जिलों में गर्मी का असर बढ़ा है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि वर्तमान में मध्यप्रदेश में नौतपा जैसी गर्मी पड़ रही है। जून में पहली बार खजुराहो, नौगांव और दमोह में टेम्प्रेचर 44 डिग्री के पार पहुंचा है। प्रदेश के 95 फीसदी शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया है। आमतौर पर इस समय प्री-मानसून की एक्टिविटी होती है। बारिश और आंधी का दौर रहता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिन यानी आज 13 और 14 जून को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्से में तेज गर्मी पड़ सकती है। कुछ शहरों में बूंदाबांदी का अनुमान भी है।
इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना-
मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि आज मंगलवार शाम को राजधानी भोपाल में बादल छा सकते हैं। अगले 24 घंटे में भोपाल, रीवा, नर्मदापुरम संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। धार, इंदौर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, सागर, सिवनी, गुना, नीमच, मंदसौर, रतलाम में भी बादल छा सकते हैं। कई जिलों में 14 जून को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 15 जून को बादल रहेंगे तो 16 जून को मौसम साफ रह सकता है।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।