देवास। करीब छह माह पहले कलेक्टोरेट भवन की शिफ्टिंग के लिए देवास के भोपाल रोड से 13 किमी दूर विजयागंज मंडी मार्ग पर मेंढकीधाकड़ के समीप जंगल में बने नए भवन में शिफ्ट कॉलेज में पहली बारिश में ही कीचड़ व जलजमाव की बाधा खड़ी हो गई। नए भवन का काम पांच साल पहले शुरू हो गया था लेकिन जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की ढीलपोल ने इतने लंबे समय में भी सडक़ के लिए गंभीरता नहीं दिखाई। शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक लगातार चलती रही बारिश के बीच जब शनिवार सुबह की शिफ्ट में पेपर देने के लिए परीक्षार्थी पहुंचे तो उनका सामना कीचड़ भरे रास्ते से हुआ। यह रास्ता था मेंढकीधाकड़ गांव से लेकर कॉलेज तक की करीब सवा किमी सडक़ का। बारिश के कारण छोटी कालीसिंध नदी पर बने पुल से समीप डायवर्शन वाली जगह के अलावा अन्य जगह कीचड़ ही कीचड़ हो गया। कुछ जगह पानी भर गया, इनके बीच से जब वाहन निकाले गए तो एक के बाद एक फंसते गए। बाइक, मैजिक वाहन, सिटी बस भी फंस गई। आखिरकार कीचड़ पर उतरकर पैदल गिरते-पड़ते विद्यार्थी पेपर देने के लिए कॉलेज तक पहुंचे।यही हाल कॉलेज के स्टॉफ का भी रहा।