मंदसौर। जिले के गरोठ क्षेत्र के ढाकनी गांव में मंगलवार रात गैस की नली में लीकेज के कारण अचानक आग भड़क गई। हादसे में घर में मौजूद 60 वर्षीय बालाराम पिता नानूराम गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे की है। बालाराम घर में अकेले थे और चाय बनाने के लिए गैस चालू कर रहे थे। इसी दौरान गैस की नली में लीकेज होने के कारण अचानक आग भड़क गई और बालाराम उसकी चपेट में आ गए। आग से उनके शरीर का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया।
पत्नी दूध लेने गई थीं, लौटने पर देखा हादसा-
हादसे के समय बालाराम की पत्नी हीराबाई दूध लेने के लिए घर से बाहर गई हुई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने पति को आग की लपटों से घिरा देखा। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर बालाराम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात करीब साढ़े 12 बजे एंबुलेंस से उन्हें मंदसौर लाया गया, जहां बर्न वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
चेहरे से पैरों तक झुलसा शरीर-
चिकित्सकों के अनुसार बालाराम के चेहरे से लेकर पैरों तक शरीर का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा झुलसा है। फिलहाल उनका जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में उपचार जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। बताया गया कि बालाराम और उनकी पत्नी हीराबाई की कोई संतान नहीं है तथा दोनों पति-पत्नी ही घर में रहते हैं।