नीमच। जिला पुलिस कप्तान अमित तोलानी ने आज प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि जेतपुरा फंटे गोली कांड के दो आरोपी नरेंद्र एवं लखन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के पास से एक पंप एक्शन राइफल बरामद की गई है। एक और आरोपी दिनेश बावरी को अभी पुलिस तलाश कर रही है। उसके जल्द गिरफ्तार होने की संभावना बताई।
बताते चलें कि 14 जून को राजस्थान पुलिस पिपलिया मंडी से तीन आरोपियों को निंबाहेड़ा में दर्ज एक आपराधिक मामले में गिरफ्तार करके निंबाहेड़ा स्कॉर्पियो गाड़ी में लेकर जा रही थी। इसी दौरान जेतपुरा फंटे के यहां पर आरोपियों ने रस्सी छुड़ाकर बल प्रयोग करते हुए निंबाहेड़ा पुलिस के उपनिरीक्षक नारू लाल को जांघ पर गोली मार दी और पुलिस हिरासत से भाग निकले। इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक संतोष सिंह, उपमहानिरीक्षक मनोज सिंह, नीमच पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी और पुलिस अधीक्षक मंदसौर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में करीब 300 पुलिस कर्मियों की अलग-अलग टीमें पिछले 12 दिनों से इन आरोपियों की तलाश कर रही थी। जिसमें नीमच, मंदसौर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बुरहानपुर पुलिस रात दिन मशक्कत कर तकनीक और मोबाइल से लोकेशन ट्रेस कर आरोपियों तक पहुंचने में जुटी रही। बीते कल मुखबीर की सूचना के आधार पर नीमच पुलिस ने नरेंद्र और लखन को प्राइवेट बस स्टैंड से धर दबोचा।
पुलिस कप्तान अमित तोलानी ने पत्रकारों को बताया कि तीनों आरोपी 3 दिन पहले तक एक साथ थे। आरोपी रात दिन लगातार जगह परिवर्तित कर करके भाग रहे थे।रतलाम, प्रतापगढ़, मंदसौर, नीमच और चित्तौड़गढ़ के अलग-अलग इलाकों में पहुंच कर अपने आप को बचाने की कोशिश कर रहे थे। अधिकतम समय जंगलों में, खुले खेतों में, पूलों पर बिताया। लगातार सूचना देने में करीब 30 लोगों ने पुलिस की खास मदद की।
एसपी अमित तोलानी ने थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह सिसोदिया, नरेंद्र यादव, करणी सिंह शक्तावत, राजेंद्र पंवार, दीपक कुमार, रितेश नागर, सत्येंद्र सिंह, शिशुपाल सिंह गौड़, सुमित मिश्रा, असलम पठान, धर्मेंद्र सिंह गौड़, भानु प्रताप राठौर, भैरू सिंह शक्तावत, कैलाश कुमरे, अर्जुन सिंह, प्रदीप शिंदे, आशीष बैरागी, रमीज राजा, अजीत कुमावत, भूपेंद्र सिंह, सौरभ सिंह, लक्की शुक्ला, सुरेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, मुकेश, चतर सिंह, चंद्रवीर, तेज सिंह, लखन प्रताप सिंह, कुलदीप सिंह, विवेक धनगर, अश्विन चाष्टा और राजेश धाकड़ की खास भूमिका के लिए सराहना की।