मोरवन। जिला मुख्यालय से 26 किलोमीटर दूर ग्राम मोरवन वैसे तो अपनी खूबसूरती व बांध की वजह से पूरे जिले भर में पहचाना जाता है। वहीं पंचायत द्वारा मोरवन में आई लव मोरवन के दो सेल्फी प्वाइंट लगाए गए हैं जो मोरवन की खूबसूरती में चार चांद लगा रहे हैं। एक सेल्फी प्वाइंट नीमच की तरफ से मोरवन में इंटर होते ही व दूसरा मोरवन चादर के पास लगाया गया है।
पर्यटकों के साथ साथ स्थानीय लोगों के लिए भी ये पॉईंट खास बन गए हैं। गांव के बच्चे, युवा और बुजुर्ग भी सेल्फी लेने यहां पहुंच रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर अपलोड भी कर रहे हैं। सेल्फी प्वाइंट लगने से ग्रामीणों में काफी उत्साह है। ग्रामीण ग्राम पंचायत को इस सौगात के लिए धन्यवाद ज्ञापित कर रहे हैं।
पंचायत सचिव ने बताया कि जिला पंचायत सीओ गुरुप्रसाद के निर्देशानुसार मोरवन पंचायत को दो सेल्फी प्वाइंट आई लव मोरवन के दिए गए हैं, जिससे मोरवन की सुंदरता और बड़े। साथ ही आई लव मोरवन के लगे सेल्फी प्वाइंट पर रात्रि में लाइट चलने से और भी सुंदर दिखता है।
उल्लेखनीय है कि मोरवन अपने बांध के कारण जिले सहित पूरे प्रदेश में पहचाना जाता है। सिंचाई परियोजना वाला जिले का सबसे बड़ा बांध है। बांध की वेस्टवेयर जब चलती है तब वेस्टवेयर से गिरते झरने में नहाने का लुफ्त उठाने के लिए जिलेभर से पर्यटक यहां आते हैं। साथ ही वेस्टेवेयर के सामने पुलिया से 40 फीट नीचे गिरते झरने का मनोरम दृश्य देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं।