माउंट आबू। राजस्थान की अर्धकाशी नगरी माउंट आबू में सावन का 21वां दिन भी भगवान शिव की भक्ति में सराबोर रहा। स्कंद पुराण और शिव पुराण में वर्णित काशी विश्वनाथ मंदिर में सावन महोत्सव के तहत लगातार अभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। मंदिर में पूरे 30 दिनों तक अभिषेक का आयोजन चल रहा है।
फूलों और झांकियों से सजे शिव मंदिर
सावन महोत्सव के दौरान माउंट आबू के शिव मंदिरों को आकर्षक झांकियों और फूलों से सजाया जा रहा है। काशी विश्वनाथ मंदिर की विशेष सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। सुबह से ही मंदिर में दर्शन और अभिषेक के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
कावड़ियों ने किया जलाभिषेक
सावन के इस विशेष आयोजन में कावड़िए भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। कावड़ियों द्वारा काशी विश्वनाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में जलाभिषेक किया जा रहा है। शहर में निकल रही कावड़ यात्राएं भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
माउंट आबू में एक माह तक चलने वाले सावन महोत्सव के दौरान सोमवार के साथ-साथ प्रतिदिन धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंच रहे श्रद्धालु मंदिरों की भव्य सजावट और शिव आराधना का आनंद ले रहे हैं। आज काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं से बातचीत कर सावन महोत्सव और उनकी आस्था को लेकर विशेष चर्चा की गई।