नीमच। मंदसौर जिले के नारायणगढ़ क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में नीमच जिले के पिपलिया रावजी निवासी 20 वर्षीय युवक भावेश पिता जमना नाथ की मौत हो गई। भावेश अपनी बहन से मिलने नारायणगढ़ गया था, लेकिन वापस लौटने से पहले ही हादसे का शिकार हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसे में भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका भाई लक्ष्मण रात करीब 3 बजे उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही भावेश की मौत हो गई थी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना की वजह क्या रही, इसका पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भावेश की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पिपलिया रावजी गांव में भी शोक का माहौल है।