मुरैना | भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा शुक्रवार को मुरैना पहुंचे। वे वहां अपनी मामी शांति देवी शर्मा के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करने गए थे। इसके बाद वे मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष गिर्राज दंडोतिया के पिता स्वर्गीय केशव प्रसाद दंडोतिया के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे।
बता दें कि बीडी शर्मा मूल रूप से मुरैना के ही रहने वाले हैं। इनका गांव मुरैना में ही सुरजनपुर है। बचपन में वे अपने मामा मामी के साथ मुरैना रहते थे। उनके मामा स्वर्गीय गोपीनाथ शर्मा स्टेशन मास्टर थे तथा उनकी मामी शांति देवी शर्मा, इनको अपने बेटे की तरह चाहती थी। बीडी शर्मा को उन्होंने बचपन से कुछ समय के लिए अपने पास रखा तथा उसके बाद वे ग्वालियर चले गए। ग्वालियर से भोपाल और फिर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सक्रिय सदस्य रहे। वहीं से इनका राजनीतिक जीवन शुरू हुआ तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में प्रमुख पदों पर रहे।
बच्चों से बातें की
इस मौके पर बीडी शर्मा घर के सदस्य के तरह परिवार के सभी बच्चों से मिले उनसे कुशल क्षेम पूछी। वे घर के अंदर गए और अपने परिवार की महिलाओं से भी मुलाकात की तथा उनकी कुशल क्षेम पूछी।
मीडिया के सवालों का जवाब देने से बचे
इस मौके पर पत्रकारों ने जब प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा से संघ व आगामी चुनावों को लेकर कुछ सवाल करने चाहे, तो उन्होंने बड़ी शांति से यह जवाब दे दिया कि, वे यहां पर शोक संवेदना व्यक्त करने आए हैं, लिहाजा राजनीतिक सवालों का जवाब देना वे उचित नहीं समझते।
गिर्राज दंडोतिया के यहां पहुंचे बीडी शर्मा
अपनी मामी को श्रद्धांजलि देने के बाद वीडी शर्मा सीधे मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष गिर्राज दंडोतिया के निवास पर पहुंचे । वहां उन्होंने उनके स्वर्गवासी पिता केशव प्रसाद दंडोतिया को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।