नीमच। संत शिरोमणि श्री रविदास मंदिर निर्माण एवं समरसता संदेश यात्रा मंगलवार को नयागांव से प्रारंभ होकर जावद क्षेत्र के नगर परिषद डिकेन पहुंची। जहां बड़ी संख्या में महिलाओं एवं नागरिकों ने समरसता संदेश यात्रा का पुष्प वर्षा कर, स्वागत किया। समरसता यात्रा के डीकेन पहुंचने पर यहां आयोजित जनसंवाद को संबोधित करते हुए, एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा, कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया में देश का गौरव बढ़ाया है। आज देश विश्व गुरु बनने की ओर पुनःअग्रसर है। उन्होंने कहा, कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर भारत बनने जा रहा है। साथ ही विश्व गुरु बनने की राह पर अग्रसर है।
मंत्री सखलेचा ने कहा,कि प्रदेश सरकार 100 करोड रुपए की लागत से सागर में संत शिरोमणि रविदासजी का भव्य मंदिर बनाने जा रही है। प्रदेश के पांच अलग-अलग स्थानों से समरसता संदेश यात्रा निकाली जा रही है। यात्राएं विभिन्न स्थानों और जिलों का भ्रमण कर, सागर पहुंचेगी। जहां 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संत शिरोमणि रविदासजी के भव्य मंदिर का भूमि पूजन करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा कबीर महाकुंभ रविदास महाकुंभ बाबा साहब भीमराव अंबेडकर महाकुंभ का आयोजन किया है। प्रदेश सरकार ने बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर के जन्म स्थान को राष्ट्रीय स्मारक बनाया है। डॉक्टर भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय भी स्थापित किया है। आर्य ने संत शिरोमणि श्री रविदास जी के जीवन दर्शन और संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा, कि संत रविदासजी ने ऐसे राज की कल्पना की थी, कि जिसमें कोई भी भूखा नहीं सोए। उन्होंने कहा, कि प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी इसी परिकल्पना को साकार करने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस समरसता संदेश यात्रा में जुड़ने का आह्वान किया। पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य ने समरसता संदेश यात्रा में उमड़े जनसैलाब एवं उत्साह की सराहना भी की।
कार्यक्रम को पवन पाटीदार, संत भीमाशंकर जी शास्त्री, संत रामदास जी महाराज ने भी संबोधित करते हुए, संत शिरोमणि रविदासजी के जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके पहले यह यात्रा डीकेन नगर के विभिन्न मार्गाे से होते हुए, जनसंवाद स्थल पर पहुंची। जहां संत भीमाशंकर जी शास्त्री एवं संत श्री रामदास जी महाराज आशीर्वचन दिए। इस मौके पूर्व सांसद एवं यात्रा प्रभारी चिंतामणि मालवीय, श्याम काबरा, सचिन गोखरू, नगर परिषद अध्यक्ष श्रवण पाटीदार, पार्षदगण ,जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, जन अभियान परिषद के सदस्यगण एवं बड़ी संख्या में महिलाएं तथा क्षेत्र के नागरिक उपस्थित थे।
संत शिरोमणि श्री रविदास मंदिर निर्माण समरसता संदेश यात्रा मंगलवार को नीमच जिले के नयागांव से प्रारंभ होकर खोर , जावद, बावल, मोरवन होते हुए नगर परिषद डिकेन पहुंची। इस यात्रा में एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य, यात्रा प्रभारी पूर्व सांसद चिंतामणि मालवीय, पवन पाटीदार एवं जनप्रतिनिधि, त्रि-स्तरीय पंचायतों के पदाधिकारी, संत रामदास जी महाराज, गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया समरसता यात्रा के दौरान क्षेत्रवासियों में अपार उत्साह देखने को मिला।