नीमच। प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर शनिवार को नीमच के टाउनहॉल में जिला प्रशासन की ओर से परिचर्चा एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, पूर्व मंत्री एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव तथा एडीएम बी.एस. कलेश सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
परिचर्चा के दौरान वक्ताओं ने समान नागरिक संहिता के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके लागू होने से समाज में जाति एवं धर्म से ऊपर उठकर समानता, समरसता और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूती मिलेगी। साथ ही यह भेदभाव समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों, समुदायों एवं संगठनों के सुझावों और विचारों को शामिल करते हुए व्यापक सहमति के आधार पर समान नागरिक संहिता लागू करना चाहती है।
कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों ने भी अपने सुझाव और विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर संजय जोशी ने किया।