नीमच। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 21 जून को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस "स्वस्थ आयु के लिए योग" (Yoga for Healthy Ageing) थीम पर मनाया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम लायन डेन, नीमच में आयोजित होगा, जिसमें राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे होगी। इस दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, योग संस्थाओं के सदस्य, एनसीसी, एनएसएस, पुलिस बल एवं बड़ी संख्या में नागरिक सहभागिता करेंगे।
प्रातः 6:30 बजे से कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री का उद्बोधन प्रसारित होगा। सुबह 7 बजे से 7:45 बजे तक विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।
जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग ने जिले के सभी नागरिकों, योग प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।