मंदसौर। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा 21 जून को मंदसौर के चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा की निष्पक्षता एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।
जिले के लाल बहादुर शास्त्री शासकीय उत्कृष्ट उमावि, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उमावि, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एवं राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार 21 जून को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में अनाधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही, प्रचार-प्रसार, सामग्री वितरण तथा अन्य अवांछनीय गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। वहीं हाथ ठेला, खोमचा और लारी लगाकर व्यवसाय करने पर भी रोक रहेगी।
इसके अलावा 200 मीटर क्षेत्र में लाउडस्पीकर, डीजे एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर भी प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा-223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।