मनासा। ग्राम पंचायत अल्हेड़ में 21 जून को 1 करोड़ 8 लाख 75 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विकास कार्यों को जनता को समर्पित करेंगे। समारोह सायं 6 बजे जैन धर्मशाला, पिपली चौक, अल्हेड़ में आयोजित किया जाएगा।
ग्राम पंचायत अल्हेड़ में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न निर्माण कार्य पूर्ण किए गए हैं। इनमें 37 लाख 75 हजार रुपये की लागत से निर्मित नवीन पंचायत भवन प्रमुख है, जिसका लोकार्पण भी इसी अवसर पर किया जाएगा। पंचायत भवन के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा होगी तथा ग्रामीणों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, जिला महामंत्री नरेंद्र मालवीय, जिला मंत्री अश्विन सोनी, भाजपा दीनदयाल मंडल अध्यक्ष कैलाश पुरोहित, जिला पंचायत सदस्य धापूबाई वसीटा तथा जनपद सदस्य सीताबाई कछावा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
ग्राम पंचायत सरपंच आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि विधायक अनिरुद्ध मारू के मार्गदर्शन एवं सहयोग से ग्राम में विकास कार्यों को नई गति मिली है। पंचायत भवन के अलावा ग्राम की अधिकांश गलियों एवं मोहल्लों में सीसी रोड निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिली है और गांव का स्वरूप भी बदला है।
उन्होंने बताया कि समारोह में लगभग 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित चार नवीन सीसी रोडों का भी लोकार्पण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न निर्माण कार्य पूर्ण किए गए हैं।
सरपंच श्रीवास्तव ने कहा कि 21 जून ग्राम अल्हेड़ के लिए ऐतिहासिक दिन होगा, क्योंकि एक ही मंच से एक करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
इन विकास कार्यों का होगा लोकार्पण
नवीन पंचायत भवन निर्माण — ₹37.75 लाख
सांस्कृतिक (मांगलिक) भवन निर्माण — ₹10 लाख
डोम निर्माण, आईजी माता मंदिर — ₹15 लाख
डोम निर्माण, पिपली चौक उपासरा — ₹10 लाख
धनगर समाज धर्मशाला निर्माण — ₹10 लाख
गार्डन निर्माण — ₹10 लाख
चार सीसी रोड निर्माण — ₹12 लाख
खेल मैदान निर्माण — ₹4 लाख