सरवानिया महाराज। मध्यप्रदेश शासन के नशा मुक्ति अभियान के तहत सरवानिया पुलिस द्वारा युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत पुलिस ने विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लोगों से संवाद कर नशे से दूर रहने का संदेश दिया तथा युवाओं से नशामुक्त समाज निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
पुलिस चौकी प्रभारी निलेश सोलंकी के नेतृत्व में नीमच-सिंगोली रोड स्थित राणावत फिलिंग स्टेशन, दरवाजा चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, विशेषकर युवाओं में इसके बढ़ते प्रभाव और इससे होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में बताया गया कि नशा व्यक्ति के वर्तमान के साथ-साथ उसके भविष्य को भी प्रभावित करता है। इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होती है और सामाजिक समरसता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को नशे की लत से बचने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया।
एसआई रामबिलास सोलंकी ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा जावद एसडीओपी रोहित राठौर एवं थाना प्रभारी मनोज जादौन के नेतृत्व में जिलेभर में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं किशोरों को नशे की गिरफ्त में आने से बचाना तथा समाज में जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि “नशे से दूरी है जरूरी” केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज की आवश्यकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपने मोहल्लों, गांवों और आसपास के क्षेत्रों में भी नशा मुक्ति का संदेश फैलाने और अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।