चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में आयोजित शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन के लिए राहत और समाधान का माध्यम बन रहे हैं। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है, वहीं वर्षों से लंबित समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने बताया कि जिले के ओछड़ी, सोनगर, बोलों का सांवता, बिछोर, खेड़ी, बांगेड़ाघाटा, बड़ावली, नन्नाणा, करजाली, आरणी, जवाहरनगर, अमीरामा, ईडरा, मण्डफिया सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भाग लेकर आमजन की समस्याएं सुनीं और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया।
राजस्व रिकॉर्ड में सुधार से मिली राहत-
ग्राम पंचायत अमीरामा में राजू बाई पत्नी मथुरालाल लोहार के राजस्व रिकॉर्ड में नाम संबंधी त्रुटि का मौके पर समाधान किया गया। वहीं सुवानिया के शुभम धाकड़ और पारसोली के रमेश माली के राजस्व अभिलेखों में दर्ज त्रुटियों को भी शिविर में सुधारकर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने योग्य बनाया गया।
आवासीय पट्टों का वितरण-
शिविरों में पात्र ग्रामीणों को आवासीय पट्टे भी प्रदान किए गए। अमीरामा में अजछी बाई, नगरी में सोनू लोधा तथा बारू के रामेश्वरलाल गाडरी को पट्टे वितरित किए गए। इससे उन्हें मालिकाना हक मिलने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं और ऋण सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
भूमि विवादों का हुआ निस्तारण-
ग्राम बारू में वर्षों पुराने भूमि बंटवारे के मामले का शिविर में ही समाधान किया गया। राजस्व अधिकारियों ने मौके पर जांच कर बंटवारा प्रस्ताव तैयार किया, जिसे स्वीकृति प्रदान कर विवाद समाप्त किया गया। शिविरों में पशुपालकों को मंगला पशु योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ भी दिया गया। ग्रामीणों ने समस्याओं के त्वरित समाधान पर राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
22 और 23 जून को लगेंगे शिविर-
जिले के विभिन्न नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 22 एवं 23 जून को भी शहरी और ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां आमजन को योजनाओं का लाभ और समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।