गरोठ। ग्राम बोलिया में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वर्णउदय वेलफेयर सोसाइटी द्वारा अनूठी पहल की गई। सोसाइटी के सदस्यों ने गांव के सार्वजनिक स्थलों की दीवारों पर स्वच्छता संदेश लिखकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया।
दीवारों पर “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत”, “कचरा डस्टबिन में डालें”, “अपना गांव स्वच्छ रखें” जैसे प्रेरणादायक नारे अंकित किए गए। साथ ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने तथा प्लास्टिक उपयोग कम करने का संदेश भी दिया गया।
सोसाइटी पदाधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व से जोड़ना और गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना है। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों, विद्यालयों, पंचायत भवन एवं मुख्य मार्गों की दीवारों पर संदेश अंकित किए गए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वच्छता का संदेश पहुंचे।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए स्वच्छता अभियान में सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।