चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कोतवाली निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के एक चर्चित प्रकरण में चार वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2022 में 818 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामदगी मामले में वांछित था।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी मुकुल शर्मा एवं डीएसपी बद्रीलाल राव के निर्देशन में थानाधिकारी रामसुमेर मीणा के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम में हैड कांस्टेबल हरविंद्र सिंह, कांस्टेबल रणजीत एवं हेमंत शामिल थे। टीम ने जोधपुर जिले में लगातार तलाश कर आरोपी कैलाश मेघवाल (50) निवासी खवासपुरा, थाना बोरूंदा, जिला जोधपुर को डिटेन कर गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2022 में दर्ज उस मामले में फरार चल रहा था, जिसमें एक बस से 818 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया था। लंबे समय से फरार रहने के कारण आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
