रतलाम। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए 17 जून 2026 को एक ही दिन में 70 क्रैक ट्रेनों का सफल संचालन कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। इससे पहले मंडल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 30 मई 2026 को 66 क्रैक ट्रेनों के संचालन का था।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 17 जून को संचालित कुल मालगाड़ियों में से 52.63 प्रतिशत क्रैक ट्रेनों का संचालन किया गया, जो मंडल के इतिहास का अब तक का सर्वाेत्तम प्रदर्शन है।
यह उपलब्धि मंडल के परिचालन, वाणिज्य, विद्युत, यांत्रिक, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा इंजीनियरिंग विभागों के उत्कृष्ट समन्वय, कुशल योजना और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
क्रैक ट्रेनों का संचालन रेलवे की माल परिवहन क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे रेल मार्गों का बेहतर उपयोग होता है, चालक दल की बचत होती है, ट्रेनों के ठहराव में कमी आती है तथा समय की बचत होती है। परिणामस्वरूप माल परिवहन की दक्षता बढ़ती है और ग्राहकों को अधिक बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि रतलाम मंडल की परिचालन दक्षता, टीम वर्क और बेहतर प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह सफलता भविष्य में और अधिक बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।