चित्तौड़गढ़। महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में बालाजी प्रशिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित चतुर्थ दंगल (कुश्ती प्रतियोगिता) गुरुवार को उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी श्रवणसिंह राव एवं यूआईटी के पूर्व चेयरमैन सुरेश झंवर रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व भाजपा नगर महामंत्री अनिल ईनाणी ने की।
व्यायामशाला संस्थापक एवं सचिव कमलेश गुर्जर ने बताया कि प्रतियोगिता में चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और उदयपुर जिले की विभिन्न व्यायामशालाओं के करीब 120 पुरुष एवं महिला पहलवानों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान अतिथियों ने व्यायामशाला के लिए कुश्ती मेट उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
कुश्ती प्रशिक्षक विजय गांछा के अनुसार संभाग प्रताप केसरी का खिताब चित्तौड़गढ़ के नरेन्द्र गुर्जर ने जीता। रामनिवास गुर्जर द्वितीय एवं ऋषि सेन तृतीय रहे। संभाग प्रताप कुमार में राहुल गुर्जर प्रथम, अभय सिंह चौहान द्वितीय तथा रणवीर सिंह तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में संभाग पन्नाधाय केसरी का खिताब उदयपुर की माही ओड़ ने जीता, जबकि पलक सोनी द्वितीय एवं नंदिनी जोशी तृतीय रहीं।
विजेता पहलवानों को केसरिया पट्टा, गुर्ज, स्मृति चिन्ह एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न भार वर्गों में भी रोमांचक मुकाबले हुए, जिनमें चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और उदयपुर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में मुख्य निर्णायक के रूप में हेमंत हठवाल, हरिश यादव, शशि जगपाल सिंह राणावत, विजय गांछा एवं लोकेश गुर्जर ने सेवाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में व्यायामशाला संरक्षक विष्णु शर्मा ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।