चित्तौड़गढ़। विश्व योग दिवस के अवसर पर वंडर सीमेंट लिमिटेड के आर.के. नगर परिसर में शनिवार को योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कंपनी के यूनिट हेड नितिन जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत उपाध्यक्ष (टेक्निकल) विपिन जैन द्वारा नितिन जैन का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इस अवसर पर जैन ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाकर जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रभावी माध्यम है।
योग शिविर में योग प्रशिक्षक यश शारदा ने आर.के. नगर कॉलोनीवासियों, पाटनी पब्लिक स्कूल के स्टाफ एवं विद्यार्थियों के साथ वंडर सीमेंट के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों को सामूहिक योगाभ्यास कराया।
कार्यक्रम का सफल संचालन बनवारी कुमावत एवं उनकी टीम के संयोजन में हुआ। इस दौरान राजू जैन, श्रीकांत त्रिपाठी, अभिषेक श्रीवास्तव, डॉ. विश्वास जैन और अजय शर्मा सहित कंपनी के अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। योग शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर नियमित योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन अपनाने का संकल्प लिया।