नीमच। समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने एवं गंभीर बीमारियों की रोकथाम संबंधी जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद, शाखा नीमच एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) नीमच के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार, 22 जून 2026 को निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम सीएसवी अग्रवाल भवन, गोमाबाई नेत्रालय मार्ग, नीमच में आयोजित होगा। आयोजन को दो विशेष सत्रों में विभाजित किया गया है।
प्रथम सत्र दोपहर 3:30 से 4:30 बजे तक महिलाओं के लिए आयोजित होगा, जिसमें वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीषा चमड़िया स्तन कैंसर एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के लक्षण, बचाव एवं समय पर जांच के महत्व पर मार्गदर्शन देंगी।
द्वितीय सत्र शाम 4:45 से 5:30 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें महिला एवं पुरुष सभी नागरिक भाग ले सकेंगे। इस सत्र में डॉ. अशोक जैन उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह जैसी जीवनशैली संबंधी बीमारियों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली पर जानकारी देंगे। वहीं डॉ. विपुल गर्ग द्वारा सीपीआर (CPR) तकनीक का लाइव प्रदर्शन कर आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के उपाय बताए जाएंगे।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया, सचिव डॉ. आदित्य भंडारी तथा भारत विकास परिषद के अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल, महिला संयोजिका सुनीता चौधरी एवं मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लाभ लेने की अपील की है।