चित्तौड़गढ़। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिलेभर में व्यापक स्तर पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में शुक्रवार को उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग कार्यालय, चित्तौड़गढ़ में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।
उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. तरुण कुमार प्रमाणिक ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, पंचायत एवं उपखंड मुख्यालयों सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों में योग कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों में स्वयंसेवी संस्थाओं, गैर-सरकारी संगठनों, पतंजलि योग समिति, आर्ट ऑफ लिविंग सहित विभिन्न योग संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता रहेगी।
उन्होंने बताया कि योग संगम पोर्टल पर जिले में अब तक 4,300 से अधिक योग स्थलों का पंजीयन हो चुका है तथा यह संख्या 5,000 से अधिक होने की संभावना है। जिलेभर में लगभग ढाई लाख लोगों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
डॉ. प्रमाणिक ने बताया कि 21 जून (रविवार) को जिले के सभी स्थानों पर प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम इंदिरा गांधी स्टेडियम, चित्तौड़गढ़ में आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग संदेश एवं उद्बोधन का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में सहायक निदेशक डॉ. लवकुश पाराशर, ब्लॉक योग नोडल अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह मंडलोई, योग गुरु सुरेश शर्मा, डॉ. विनोद गंधर्व, डॉ. मनीष टांक, डॉ. मुकेश माली, वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी अनिल सिसोदिया, पियूष सिंह राव, सचिन कुमार मौड़ एवं विनोद जीनगर उपस्थित रहे।