मनासा। मनासा विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन आधुनिक स्विमिंग पूल खेल विकास के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू की पहल से तैयार हो रही यह महत्वपूर्ण खेल परियोजना भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिताओं के आयोजन का केंद्र बन सकती है।
हाल ही में आयोजित मध्यप्रदेश तैराकी संघ की बैठक में मनासा स्थित निर्माणाधीन स्विमिंग पूल का उल्लेख करते हुए इसे आगामी वर्षों में बड़ी तैराकी प्रतियोगिताओं के लिए उपयुक्त बताया गया। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
नीमच जिला तैराकी संघ के पदाधिकारियों ने भी स्विमिंग पूल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह परिसर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और बड़ा मंच प्राप्त होगा।
लगभग 25×50 मीटर आकार में विकसित किया जा रहा यह स्विमिंग पूल आधुनिक मानकों के अनुरूप तैयार हो रहा है। इसके निर्माण से युवाओं को तैराकी जैसे खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा तथा जिले में खेल संस्कृति को भी नई दिशा मिलेगी।
विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू के प्रयासों से मनासा क्षेत्र में खेल सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। उनके नेतृत्व में युवाओं को बेहतर खेल संसाधन उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह स्विमिंग पूल भविष्य में मनासा को प्रदेश के प्रमुख तैराकी केंद्रों में स्थापित करेगा तथा स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा।