नीमच। दावत-ए-इस्लामी इंडिया द्वारा ईदगाह, नीमच में अजीमुश्शान इज्तिमा का आयोजन खुशनुमा माहौल, सादगी और सुन्नतों से भरपूर अंदाज में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नमाज-ए-ईशा के बाद हुआ, जिसमें जिलेभर से सैकड़ों मुस्लिम समाजजन शामिल हुए।
इज्तिमा में विशेष अतिथि मोहतरम अमजद अत्तारी साहब ने इस्लाम धर्म के पैगम्बर हजरत मोहम्मद मुस्तफा तथा उनके नवासों हजरत इमाम हसन और हजरत इमाम हुसैन की मोहब्बत और उनकी शिक्षाओं पर प्रभावशाली बयान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में उनके आगमन पर जिला कमेटी के सदर सलीम खान एवं शेख सैयद पठान ने स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहर काजी नीमच सद्दाम हुसैन अत्तारी ने तिलावत-ए-कुरआन से की। मंच संचालन आरिफ अत्तारी ने किया।
इज्तिमा का सीधा प्रसारण एफजीएन चैनल पर भी किया गया। कार्यक्रम की विशेषता इसकी सादगी, अनुशासन और व्यवस्थित आयोजन रहा। पूरे आयोजन के दौरान कहीं भी अव्यवस्था या भगदड़ जैसी स्थिति नहीं बनी, जिससे यह कार्यक्रम मुस्लिम समाज के लिए एक प्रेरणादायक और यादगार आयोजन बन गया।
आयोजकों ने सभी उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए समाज में भाईचारा, अमन और धार्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश दिया।