मनासा। नगर के होनहार युवा चर्चित कृष्णगोपाल बसेर ने इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) द्वारा आयोजित सीए फाइनल परीक्षा में सफलता प्राप्त कर चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे नगर में हर्ष का वातावरण है।
चर्चित बसेर वर्तमान में ए.बी. माहेश्वरी एजुकेशन ट्रस्ट, इंदौर द्वारा संचालित श्रीमती सीतादेवी जयनारायण जाजू माहेश्वरी छात्रावास से जुड़े रहे हैं। सीए फाइनल परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर छात्रावास प्रबंधन एवं ट्रस्ट की ओर से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों एवं समाजजनों ने चर्चित को बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर परिवार द्वारा मिठाइयां वितरित कर खुशियां मनाई गईं। साथ ही नगर के श्री चारभुजा मंदिर में अभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना कर भगवान का आभार व्यक्त किया गया।
चर्चित बसेर की इस उपलब्धि ने नगर के युवाओं के लिए प्रेरणा का कार्य किया है। उनकी सफलता पर समाजजनों, शिक्षकों एवं विभिन्न संगठनों ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।