नीमच। ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल, नीमच की अंडर-15 फुटबॉल टीम ने मध्यप्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ टीम ने न केवल नीमच जिले, बल्कि पूरे उज्जैन संभाग का नाम प्रदेशभर में रोशन किया है।
टीम ने अपने विजय अभियान की शुरुआत जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खिताब जीतकर की। इसके बाद रतलाम स्थित हिमाली इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित संभागीय प्रतियोगिता में प्रतिद्वंद्वी टीम को 5-0 से हराकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
प्रदेश के 10 संभागों की विजेता टीमों के बीच आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ज्ञानोदय टीम ने उज्जैन संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए दमदार खेल का प्रदर्शन किया। लीग मुकाबलों में टीम ने आदिवासी जनजाति टीम को 6-0 तथा सागर संभाग को 11-0 के बड़े अंतर से पराजित किया। वहीं भोपाल और इंदौर संभाग के खिलाफ मुकाबले 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर टीम ने फाइनल में प्रवेश किया, जहां रोमांचक मुकाबले में उसे मात्र एक गोल के अंतर से 1-0 की हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने प्रदेश की उपविजेता ट्रॉफी अपने नाम कर विद्यालय और जिले को गौरवान्वित किया।
विद्यालय के कोच सिग्नेल ने इसे ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल के 25 वर्षों के इतिहास की सबसे बड़ी खेल उपलब्धियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का ही परिणाम है कि विद्यालय ने प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने टीम की इस उल्लेखनीय सफलता पर खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।