नीमच। विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने और उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से नीमच में निःशुल्क ग्रीष्मकालीन जूडो, ताइक्वांडो, कराते एवं वुशु मार्शल आर्ट टैलेंट सर्च प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में बड़ी संख्या में बालक-बालिकाएं उत्साहपूर्वक भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिससे जिले में खेल प्रतिभाओं की नई पौध तैयार हो रही है।
यह प्रशिक्षण शिविर 1 मई 2026 से पीएम श्री शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 नीमच में लोक शिक्षण संचालनालय, स्कूल शिक्षा विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा नीमच जिला जूडो एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्रतिदिन सायं 5 से 7 बजे तक आयोजित होता है।
शिविर में जूडो, ताइक्वांडो, कराते एवं वुशु के साथ-साथ आत्मरक्षा तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें बच्चों को रोल तकनीक, फॉल तकनीक, थ्रो तकनीक, हिप थ्रो, शोल्डर थ्रो, लेग थ्रो, लॉक और चोक जैसी तकनीकों का अभ्यास कराया जा रहा है। साथ ही ब्लॉक, पंच, किक और विभिन्न स्टांस की विधिवत ट्रेनिंग भी दी जा रही है।
आत्मरक्षा के अंतर्गत विद्यार्थियों को निहत्थे बचाव, चाकू और लाठी से बचाव जैसी महत्वपूर्ण तकनीकें भी सिखाई जा रही हैं, जिससे वे किसी भी आपात स्थिति में स्वयं की सुरक्षा कर सकें।
शिविर का संचालन मुख्य प्रशिक्षक एवं मास्टर ट्रेनर श्री भरत सिंह कुमावत के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उनके साथ जय कुमावत, लक्की पाटीदार, कमलेश नागदा, तृषिता सोलंकी, भावना सोलंकी, खूबी देपन एवं अल्फिया मंसूरी प्रशिक्षण कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
संकुल प्राचार्य ओ.पी. बंसल ने बताया कि इस टैलेंट सर्च शिविर के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को पूरे वर्ष प्रशिक्षण दिया जाएगा और उन्हें जिला, संभाग, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि पूर्व वर्षों में प्रशिक्षित कई खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं तथा कुछ खिलाड़ी शासकीय सेवाओं में भी चयनित हो चुके हैं, जो इस प्रशिक्षण की सफलता को दर्शाता है।
प्रशासन ने अधिक से अधिक बालक-बालिकाओं से इस निःशुल्क अवसर का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि वे खेल कौशल के साथ आत्मरक्षा में भी सक्षम बन सकें।