गरोठ। गरोठ स्थित विमुक्त जाति कन्या छात्रावास में रविवार को फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया। छात्रावास में भोजन करने के बाद 9 छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, छात्राओं को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने पर छात्रावास प्रबंधन ने तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। सभी छात्राओं का अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार मौके पर पहुंचे और छात्रावास पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन पूरे मामले की निगरानी कर रहा है।
प्राथमिक तौर पर फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। बताया जा रहा है कि जांच के लिए छात्रावास में बने भोजन के सैंपल भी लिए जा सकते हैं।
फिलहाल सभी छात्राओं का इलाज जारी है और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।