मंदसौर। सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत भानपुरा आईटीआई में उद्यम संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने उद्यमियों से संवाद कर उनके व्यवसाय, आर्थिक प्रगति और सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी ली।
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने कहा कि स्थानीय किसान अपनी ऑर्गेनिक फसलों की पहचान के लिए उन पर टैग लगाएं, जिससे उत्पाद को अलग पहचान मिल सके। उन्होंने आईटीआई के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि नए उद्योग स्थापित करने वाले व्यक्तियों को किसी प्रकार की समस्या आती है तो प्रशासन द्वारा उसके निराकरण के लिए आवश्यक सहयोग किया जाएगा।
गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया ने कहा कि युवाओं को नए उद्योग एवं उद्यम स्थापित करने के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेना चाहिए। इन योजनाओं के माध्यम से युवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
उद्यमियों ने साझा की सफलता की कहानी-
उद्यम संवाद के दौरान अनिल कुमार बंबोरिया ने पॉलीहाउस में पान की खेती, विजय कुमार पाटीदार एवं अंकित हाथी ने ऑयल मिल यूनिट, नारायण जाट ने आइसक्रीम यूनिट, राम राठौड़ ने मसाला उद्योग तथा ऑयल प्लांट संचालक अशोक मोर्या ने अपने-अपने उद्योग एवं सफलता की कहानी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान सुशीला भट्ट साड़ी सेंटर, कौशल्या भारती मैचिंग सेंटर-सिलाई, सोनी मिश्रा टिफिन सेंटर-सिलाई, रेखा बागड़ी सांवलिया रेस्टोरेंट एवं भावना बागड़ी आटा चक्की योजना सहित विभिन्न गतिविधियों से जुड़े हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
महिला उद्यमियों से भी किया संवाद-
इस दौरान महिला उद्यमियों रेखा सोनी, डाली बाई, अनीता राठौर, पूजा मीणा एवं संगीता रांगोठा से भी चर्चा की गई। उन्होंने अपने व्यवसाय और उससे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में कलेक्टर दिव्यांक सिंह, विधायक चंदर सिंह सिसोदिया, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, उद्यमी एवं आमजन उपस्थित रहे।