चित्तौड़गढ़। डीएसटी चित्तौड़गढ़ एवं थाना गंगधार, जिला झालावाड़ पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट के प्रकरण में करीब तीन साल से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी राकेश तेली को गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना गंगधार का हिस्ट्रीशीटर है और थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ के अवैध पिस्टल एवं दो जिंदा कारतूस से जुड़े प्रकरण में वांछित चल रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस एवं तीन लाख रुपये बरामद किए थे। इस मामले में अवैध हथियार सप्लायर राकेश तेली पुत्र कचरूलाल तेली, निवासी गंगधार, जिला झालावाड़, फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय चित्तौड़गढ़ की ओर से 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डीएसटी की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में एएसआई सूरज कुमार के साथ कांस्टेबल रामकेश, वीरेंद्र, सुरेश सुंडा, जगदीश, अरविंद, कृष्णकांत एवं अशोक तथा साइबर सेल के एएसआई राजकुमार शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि 15 हजार रुपये का इनामी आरोपी, जो थाना गंगधार का हिस्ट्रीशीटर भी है, रतलाम से चौमहला होते हुए गंगधार स्थित अपने घर आने वाला है। सूचना की पुष्टि के बाद एएसआई सूरज कुमार टीम के साथ गंगधार पहुंचे।
वहां थाना गंगधार के थानाधिकारी किशोर सिंह एवं पुलिस टीम के कांस्टेबल नवरत्न, रामशरण और दिनेश के सहयोग से आरोपी राकेश तेली को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कांस्टेबल नवरत्न का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना गंगधार में आर्म्स एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा थाना छोटी सादड़ी, जिला प्रतापगढ़ में भी आर्म्स एक्ट एवं हथियार सप्लाई से संबंधित प्रकरण दर्ज होकर चालान पेश किया जा चुका है।