निंबाहेड़ा। राजस्थान मेघवाल समाज (पंजीकृत) ने समाज एवं खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक, बी-ग्रेड रेफरी एवं खेल प्रोत्साहक भगवान लाल मेघवाल पुत्र रामलाल मेघवाल को खेलकूद प्रकोष्ठ का प्रदेश महासचिव मनोनीत किया है।
राजस्थान मेघवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष सांगीलाल मेघवाल द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार यह मनोनयन जिला अध्यक्ष रामचंद्र बामनिया एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष कंवरलाल मेघवाल (कोटड़ी कला) की अनुशंसा पर किया गया। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सलाहकारों की सहमति से भगवान लाल मेघवाल को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
नियुक्ति पत्र में भगवान लाल मेघवाल की समाजसेवा, खेलों के प्रति समर्पण तथा युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की गई है। साथ ही उन्हें आगामी 15 दिनों के भीतर राजस्थान के सभी जिलों में खेलकूद प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी गठित कर संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश महासचिव पद पर मनोनयन की सूचना मिलते ही मेघवाल समाज एवं खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई। समाज के अनेक पदाधिकारियों, खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।
समाजजनों ने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान लाल मेघवाल के नेतृत्व में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा, बेहतर अवसर एवं व्यापक पहचान मिलेगी तथा समाज में खेल संस्कृति को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।