खरगोन। शहर के आदित्य विधा विहार में रविवार सुबह अग्रवाल समाज एवं रोटरी क्लब ने पानी में योग और प्राणायाम का एक अनूठा आयोजन किया। शहरवासियों ने पहली बार जल योग का अनुभव लिया, जिसमें 100 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इसके स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किए। यह आयोजन शहर में चर्चा का विषय रहा, क्योंकि लोगों ने एक अलग वातावरण में योग की शांति और शक्ति का अनुभव किया। शिविर का संचालन जगदिश आर गिडोडिया ने किया, जिन्होंने प्रतिभागियों को जल में योग और प्राणायाम की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास कराया। गिडोडिया ने बताया कि जल योग सभी के लिए एक वरदान सिद्ध हो सकता है, विशेषकर उन लोगों के लिए जो शारीरिक समस्याओं या बीमारियों से ग्रस्त हैं। उनका कहना था कि पानी में किया गया योग शरीर पर कम दबाव डालता है और मांसपेशियों तथा जोड़ों के लिए अधिक आरामदायक होता है।
आयोजन समिति के गजानंद गोयल ने बताया खरगोन में इस अनूठे आयोजन का उद्देश्य लोगों को जल योग के महत्त्व और इसके बहुमुखी लाभों से अवगत कराना था। शिविर में शामिल हुए प्रतिभागियों ने इस अनुभव को बेहद सकारात्मक बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की मांग की।