नीमच। जिले के खेल जगत के लिए गौरव का विषय है कि स्थानीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी मोहित नागदा का चयन आगामी 31वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बेसबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित प्रतिष्ठित केआईआईटी (KIIT) विश्वविद्यालय में आयोजित की जाएगी।
महज 13 वर्षीय मोहित नागदा पूरे नीमच जिले से राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। वे अनिल कुमार नागदा के सुपुत्र एवं कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल के छात्र हैं। मोहित ने जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई।
मोहित ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने पिता के निरंतर सहयोग तथा कोच सतीश नागर के मार्गदर्शन को दिया है। उनकी इस सफलता से परिवार, विद्यालय एवं खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर खेल जगत से जुड़े लोगों ने मोहित को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे राष्ट्रीय मंच पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नीमच जिले का नाम रोशन करेंगे।