नीमच। पंजाब के लुधियाना में आयोजित मिस्टर इंडिया फेडरेशन कप-2026 में देशभर के प्रतिभागियों को पछाड़कर प्रतिष्ठित मिस्टर इंडिया-2026 का खिताब जीतने वाले नीमच के होनहार बॉडी बिल्डर अरबाज खान के सम्मान में शहर में भव्य विजयी जुलूस निकाला गया। उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला तथा विभिन्न स्थानों पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।
खुली जीप में सवार अरबाज खान का विजयी जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकला। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के बीच खेल प्रेमियों, युवाओं एवं नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। लोगों ने उन्हें जिले और प्रदेश का गौरव बताते हुए शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि 12 एवं 13 जून को लुधियाना (पंजाब) में आयोजित राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की 12 सदस्यीय टीम ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में अरबाज खान ने 80 से 85 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद ओवरऑल मुकाबले में विभिन्न वर्गों के विजेताओं को पीछे छोड़ते हुए उन्होंने मिस्टर इंडिया-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।
अरबाज खान की इस शानदार सफलता पर नीमच जिला बॉडी बिल्डिंग संगठन के संरक्षक संतोष चोपड़ा, अध्यक्ष अभिनव चौरसिया, सचिव डॉ. साजिद, कोषाध्यक्ष अर्जुन पंडित सहित संगठन के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अब अरबाज खान जल्द ही भूटान में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिससे जिले और प्रदेश को उनसे एक और बड़ी उपलब्धि की उम्मीद है।