नीमच। 54वीं मध्यप्रदेश राज्य तैराकी चैंपियनशिप के लिए रविवार को आयोजित जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में जिले के उभरते तैराकों ने शानदार प्रदर्शन किया। नगर पालिका स्वीमिंग पूल में आयोजित प्रतियोगिता में जिलेभर से 35 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 29 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ी 16 जुलाई से इंदौर में आयोजित होने वाली 54वीं मध्यप्रदेश राज्य तैराकी चैंपियनशिप में नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता के बाद ग्रुप-2 से 11, ग्रुप-3 से 11 एवं ग्रुप-4 से 7 खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं अभ्यास करेंगे।
प्रतियोगिता के दौरान जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी, उपाध्यक्ष प्रकाश मंडावरिया, मंडल अध्यक्ष दिलीप डूंगरवाल, सहकोषाध्यक्ष बंटू बाफना, रामगोपाल मोदी एवं मुकेश चतुर्वेदी उपस्थित रहे। अंतिम चयन प्रक्रिया में मेंटर प्रभु मूलचंदानी एवं अशोक मोदी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का अवलोकन कर टीम को अंतिम रूप दिया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में नगर पालिका स्वीमिंग पूल की कोच सुधा सोलंकी, आयुष गौड़, अभिषेक अहीर, रोहित अहीर, नीलेश घावरी एवं पूल स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के अभिभावक भी मौजूद रहे और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
जिला तैराकी संघ ने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी इंदौर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे।