नीमच। पटेल प्लाजा स्थित पी.एस. टर्फ-21 किड्स फिटनेस सेंटर में 2 से 5 जुलाई 2026 तक आयोजित चार दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में 12 टीमों ने भाग लिया और लीग-कम-नॉकआउट पद्धति से रोमांचक मुकाबले खेले गए। आयोजन मयंक सैनी एवं मयूर सैनी के निर्देशन में संपन्न हुआ।
फाइनल मुकाबले में स्ट्राइकर्स ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 11 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं स्ट्राइकर्स-2 उपविजेता रही, जिसे 5 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। सेमीफाइनल मुकाबलों में स्ट्राइकर्स-1 ने हैदरी वॉरियर्स तथा स्ट्राइकर्स-2 ने इवोल्यूशन टीम को चुनौती दी।
समापन समारोह में ज्ञानोदय ग्रुप के चेयरमैन एवं पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनिल चौरसिया, सेवादल अध्यक्ष गजेंद्र यादव, जावेद दुर्रानी, बेबी मेहरा, आशा, इकबाल कुरैशी, राकेश सोनकर सहित अन्य अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, शील्ड एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में रिदम चाबड़ा को मोस्ट सिक्सेस के लिए 1,100 रुपये, जबकि विनायक जैन एवं पुनीत को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द सीरीज चुना गया और 2,100 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। शेखर टाइगर्स को मोस्ट डिसिप्लिन्ड टीम, बेस्ट कैच एवं बेस्ट विकेटकीपिंग का पुरस्कार मिला।
प्रतियोगिता में मोनू बाबा ने अंपायरिंग तथा रौनक सैनी ने लाइव स्कोरिंग की जिम्मेदारी निभाई। अंत में आयोजकों मयंक सैनी एवं मयूर सैनी ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया।