सरवानिया महाराज। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सरवानिया पुलिस ने अब बसों में सफर कर रहे यात्रियों को भी जागरूक करना शुरू कर दिया है।
रविवार को स्थानीय पुलिस चौकी द्वारा अभियान के तहत धामनिया-लासूर चौराहे पर नीमच-कोटा-सिंगोली मार्ग से गुजरने वाली राजस्थान रोडवेज और निजी बसों को रुकवाकर यात्रियों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
पुलिस जवानों ने बसों में पेंपलेट चिपकाकर लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर बुरा प्रभाव डालता है।
पुलिस ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि “हमारा है यह संदेश, नशामुक्त हो प्रदेश”। अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक कर नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया जा रहा है।
सरवानिया पुलिस की इस पहल की यात्रियों और स्थानीय लोगों ने सराहना की।