चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार के निर्देशन में अंतर सदनीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्राचार्य कर्नल जसरोटिया रहे। इस अवसर पर सीनियर मास्टर ओंकार सिंह एवं प्रतियोगिता संयोजक मनीष जैन ने उनका स्वागत किया।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय के आठों सदनों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा 7वीं से 11वीं तक के कैडेट्स ने खेल कौशल और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सेमीफाइनल मुकाबलों में सांगा हाउस ने हमीर हाउस को हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में बादल हाउस ने कुंभा हाउस को पराजित कर फाइनल का टिकट हासिल किया।
रोमांचक फाइनल मुकाबले में बादल हाउस ने सांगा हाउस को 1-0 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के संयोजक वरिष्ठ गणित अध्यापक मनीष जैन रहे, जबकि रेफरी की जिम्मेदारी सीएचएम मुनबुल नरजरी एवं हवलदार एम. नवीन कुमार ने निभाई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों को बधाई दी तथा खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।