चित्तौड़गढ़। महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में बालाजी प्रशिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित चतुर्थ दंगल (कुश्ती प्रतियोगिता) का शुभारंभ गुरुवार को बालाजी प्रशिक्षण संस्थान परिसर में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के जिला अध्यक्ष राजू अग्रवाल (शंभूपुरा) के मुख्य आतिथ्य में किया गया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष किशन पिछोलिया ने की।
कुश्ती प्रशिक्षक कमलेश गुर्जर ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत भगवान हनुमानजी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात विभिन्न व्यायामशालाओं के उस्तादों द्वारा अखाड़े की विधिवत पूजा-अर्चना कर जयघोष के साथ दंगल का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष किशन गुर्जर, समाजसेवी सुनील उपाध्याय, बालाजी सेवक देव टहलानी, जौहर स्मृति संस्थान के उपाध्यक्ष भंवरसिंह राणावत, व्यापार संघ अध्यक्ष सुनील जागेटिया, बजरंग व्यायामशाला दुर्ग के उस्ताद मनोहर वैष्णव, झांझोरिया बालाजी के उस्ताद घनश्याम लोठ, तिरुपति व्यायामशाला के उस्ताद उदयलाल कीर, प्रतापगढ़ के उस्ताद जगदीश साहू, शंभू व्यायामशाला के उस्ताद रमेश बुनकर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दंगल में क्षेत्र के अनेक पहलवानों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को पारंपरिक खेलों से जोड़ना तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देना है।