नीमच। नगर पालिका स्विमिंग पूल परिसर मंगलवार शाम उस समय उत्साह और तालियों की गूंज से भर उठा, जब जिला तैराकी संघ द्वारा आयोजित मेडल सेरेमनी में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। सम्मान समारोह के उपरांत जिले के 17 तैराकों को इंदौर के लिए रवाना किया गया, जहां वे 16 से 18 जुलाई तक लक्ष्मण सिंह स्विमिंग पूल में आयोजित 54वीं मध्यप्रदेश राज्य तैराकी चैंपियनशिप में नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य चैंपियनशिप में स्थान बनाया है। इंदौर रवाना होने से पूर्व जिला तैराकी संघ की ओर से सभी खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं आकर्षक टीम टी-शर्ट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। खिलाड़ियों ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का भरोसा जताया।
सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष चोपड़ा तथा नगर पालिका जलकल सभापति छाया जायसवाल ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नीमच के तैराक राज्य चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में जिला तैराकी संघ के मंडल अध्यक्ष दिलीप डूंगरवाल, उपाध्यक्ष प्रकाश मंडावरिया, विष्णु मोदी, मुकेश चतुर्वेदी, रामगोपाल मोदी, बंटू बाफना, भगवती प्रसाद, राघवेंद्र खटीक एवं मेंटर प्रभु मूलचंदानी सहित संघ के पदाधिकारी, कोच और स्विमिंग पूल स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान समारोह के साथ खिलाड़ियों में राज्य चैंपियनशिप को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। अब जिले की उम्मीदें इन युवा तैराकों पर टिकी हैं, जो इंदौर में होने वाली प्रतियोगिता में अपने प्रदर्शन से नीमच का नाम प्रदेशभर में रोशन करने का प्रयास करेंगे।