चित्तौड़गढ़। बूंदी के खेल संकुल इंडोर स्टेडियम में आयोजित अंडर-23 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में बालाजी प्रशिक्षण संस्थान के पहलवानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में संस्थान के पहलवान राहुल गुर्जर ने कांस्य पदक जीतकर चित्तौड़गढ़ का गौरव बढ़ाया।
बालाजी प्रशिक्षण संस्थान के सचिव कमलेश गुर्जर ने बताया कि प्रतियोगिता में संस्थान के पांच पहलवानों ने भाग लिया, जिनमें राहुल गुर्जर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
पदक विजेता पहलवान राहुल गुर्जर सहित कुश्ती प्रशिक्षक शशि विजय गांछा एवं शशि जगपाल सिंह राणावत का गुरुवार को यति विनोदचंद्र महाराज के सान्निध्य में सम्मान किया गया। इस अवसर पर व्यायामशाला संरक्षक विष्णु शर्मा एवं सचिव कमलेश गुर्जर ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह में कोषाध्यक्ष बसंतीलाल पंचोली सहित व्यायामशाला के पदाधिकारी, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।