मंदसौर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरोठ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 45 किलो डोडा चूरा तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे पंजाब निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज था और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी क्षेत्र में देखा गया है। सूचना के आधार पर गरोठ थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने डोडा चूरा तस्करी प्रकरण में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

थाना पुलिस के अनुसार जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नशा तस्करों एवं फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार, तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सके।
