चित्तौड़गढ़। जिला पुलिस की विशेष टीम (डीएसटी) ने ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-02 के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना चंदेरिया के वर्ष 2022 के विद्युत अधिनियम प्रकरण में वांछित 15 हजार रुपये के इनामी एवं हिस्ट्रीशीटर आरोपी देवीसिंह पड़िहार को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इनामी एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए डीएसटी प्रभारी निरीक्षक जोधाराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।

मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना चंदेरिया क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर आरोपी देवीसिंह पड़िहार पिता फूलसिंह पड़िहार निवासी चौहानों का कंथारिया, वर्तमान में गुजरात के मोरबी क्षेत्र में ट्रेलर चालक के रूप में कार्य कर रहा है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह मोबाइल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग नहीं कर रहा था।

सूचना के आधार पर डीएसटी टीम ने खेरवाड़ा-गुजरात बॉर्डर क्षेत्र में निगरानी कर आरोपी को दस्तयाब किया। पहचान एवं सत्यापन के बाद उसे नियमानुसार हिरासत में लेकर थाना चंदेरिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध चोरी, नकबजनी, लूट, डकैती एवं विद्युत अधिनियम सहित विभिन्न थानों में कुल 28 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह दर्जनभर से अधिक चोरी और नकबजनी के मामलों में भी वांछित चल रहा था। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है।

कार्रवाई में शामिल टीम
पुलिस निरीक्षक जोधाराम, एएसआई सूरज कुमार, कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक एवं वीरेंद्र।

सहयोगी टीम
एएसआई राजकुमार (साइबर सेल), कांस्टेबल शिशपाल, सुरेश सुंडा, देवेंद्र, रामकेश एवं जगदीश।
