देवास। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम, देवास में आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा कि जीवन और प्रतियोगिताओं में सफलता का वास्तविक मापदंड टीम की एकता और अनुशासन है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण और अनुशासित जीवनशैली अत्यंत आवश्यक है। बिना लक्ष्य और अनुशासन के सफलता संभव नहीं है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। बच्चों को पढ़ाई के साथ किसी न किसी खेल को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा अवश्य बनाना चाहिए। खेलों से शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास का विकास होता है।
उन्होंने बताया कि शीघ्र ही देवास को अंतरराष्ट्रीय स्तर के सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक की सौगात मिलने वाली है। इससे जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देवास का नाम रोशन करेंगे।
समापन समारोह में प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा प्रमाणपत्र वितरित किए गए। शिविर के दौरान विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों को टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में अभ्यासरत भारतीय सेना के लिए चयनित अग्निवीर युवाओं का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में जिला मुख्यालय के लगभग 600 खिलाड़ियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन यशवंत डागोरा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जावेद पठान ने माना।
इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी सेना गाडरिया सहित खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।