नीमच। अहमदाबाद में आयोजित राष्ट्रीय मॉडर्न पेंटाथलॉन चैंपियनशिप-2026 में नीमच की नन्ही खिलाड़ी यशवी नितेश शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। इस उपलब्धि से यशवी ने न केवल जिले बल्कि मध्यप्रदेश का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
यशवी ने बायथले (रनिंग एवं स्विमिंग) तथा ट्रायथले (रनिंग, शूटिंग एवं स्विमिंग) स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन का उत्कृष्ट परिचय दिया। कम उम्र में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक हासिल करना एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
यशवी की सफलता पर चारभुजा नाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश किंजा, सचिव गोपाल शर्मा, विश्वकर्मा जांगिड़ ब्राह्मण समाज छात्रावास ट्रस्ट के अध्यक्ष मांगीलाल करेल एवं सचिव जगदीश शर्मा सहित समाजजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
समाज प्रतिनिधियों ने कहा कि यशवी की उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
यशवी की इस उपलब्धि से परिवार, समाज और जिले में खुशी का माहौल है तथा सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।