चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत भदेसर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आई-20 कार से 43 किलो 280 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत एएसपी मुकुल शर्मा के मार्गदर्शन एवं डीएसपी विनोद कुमार के सुपरविजन में भदेसर थानाधिकारी विनोद मेनारिया मय जाप्ता सोड़ावास-आवरी माता मार्ग पर नाकाबंदी कर रहे थे।

नाकाबंदी के दौरान झाड़ोली की ओर से कच्चे रास्ते पर एक डार्क ब्लू रंग की आई-20 कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक कार को तेज गति से भगाने लगा। इस दौरान कांस्टेबल सुरेंद्रपाल ने स्टॉप स्टिक लगाकर कार का टायर पंचर कर दिया, फिर भी चालक वाहन दौड़ाता रहा।

पुलिस टीम ने पीछा कर कार को रुकवाया। कार में सवार दोनों व्यक्ति वाहन छोड़कर भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान कार में रखे तीन कट्टों से 43 किलो 280 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने डोडाचूरा एवं कार को जब्त कर आरोपी अमीन खान (41) निवासी धामनिया, थाना जावद (मध्यप्रदेश) तथा अर्जुन सिंह (28) निवासी खैरखेड़ा-लासूर, थाना जावद (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम-
थानाधिकारी विनोद मेनारिया, कांस्टेबल सुरेंद्रपाल, रतन सिंह, झाबरमल, नरेंद्र एवं मुरलीधर की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
